home page

फर्रुखाबाद में गैंगेस्टर सुखवीर के आठ वाहन जब्त, 1.75 करोड़ रुपये की सम्पति कुर्क

 | 
फर्रुखाबाद में गैंगेस्टर सुखवीर के आठ वाहन जब्त, 1.75 करोड़ रुपये की सम्पति कुर्क


फर्रुखाबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज पुलिस और प्रशासन ने अपराधियों व माफियाओं के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर जुबेर खान और उसकी मां की 26 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क होने के तीन दिन बाद, अब उसके करीबी सहयोगी सुखवीर यादव पर शिकंजा कसा गया है।

गुरुवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सुखवीर की 1.75 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई। तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, सीओ राजेश द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, एसओ मेरापुर राजीव पांडे और राजस्व टीम भारी पुलिस बल के साथ सुखवीर के गांव पहुंची। पूरे इलाके में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई, ताकि आम जनता को प्रशासन की सख्त कार्रवाई का संदेश मिल सके। पुलिस ने सुखवीर के घर की दीवार पर संबंधित मुकदमे का विवरण लिखवाया और उसके बाद घर को सील कर दिया। टीम ने अलीगंज रोड स्थित उसकी कृषि भूमि पर भी निषेध बोर्ड लगाया।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के आदेश पर की गई इस कार्रवाई में सुखवीर द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों को जब्त किया गया। इनमें कायमगंज-अलीगंज रोड पर स्थित लगभग 65 लाख रुपये का दो मंजिला मकान और गांव रतौल में स्थित लगभग 45 लाख रुपये की उपजाऊ भूमि शामिल है। इसके अतिरिक्त सुखवीर के नाम पर पंजीकृत 8 वाहन भी कुर्क किए गए, जिनमें 7 ट्रक और एक मोटरसाइकिल शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 63.41 लाख रुपये है। सुखवीर और उसकी पत्नी ममता के विभिन्न खातों में जमा 2.03 लाख रुपये की राशि भी फ्रीज कर दी गई है।

पुलिस जांच के अनुसार जुबेर खान के संगठित गिरोह में कुल 8 मुख्य सदस्य थे। इनमें से जुबेर और मोवीन ने आत्मसमर्पण कर दिया है, जबकि सुखवीर पहले से ही जेल में है। गिरोह के अन्य सदस्य पुष्पेंद्र, आदेश, तारीख उर्फ तालिब और पवन फिलहाल कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक के आदेश पर हैं, जबकि रामनरेश अभी भी फरार है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि अपराध के जरिए अवैध कमाई करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar