दारोगा भर्ती परीक्षा में 1516 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
औरैया, 15 मार्च (हि.स.)। जनपद में यूपी पुलिस दारोगा भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 5280 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 1516 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
दूसरी पाली में 2640 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1898 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 742 अनुपस्थित रहे। इससे पहले पहली पाली में 2640 अभ्यर्थियों में से 1866 ने परीक्षा दी और 774 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक प्रथम पाली और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक द्वितीय पाली में आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक जांच की गई तथा कान और बालों तक की तलाशी लेकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई।
परीक्षा की निगरानी के लिए चार क्षेत्राधिकारी, 22 इंस्पेक्टर, 50 सब इंस्पेक्टर और 218 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगाए गए थे, जबकि कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

