home page

बागपत पुलिस के श्वान ‘इंट्रोफोर्ड’ का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

 | 
बागपत पुलिस के श्वान ‘इंट्रोफोर्ड’ का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई


बागपत पुलिस के श्वान ‘इंट्रोफोर्ड’ का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई


बागपत, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत पुलिस श्वान दल के महत्वपूर्ण सदस्य ‘इंट्रोफोर्ड’ (लेब्राडोर) का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वर्ष 2019 से पुलिस टीम का हिस्सा रहे इस श्वान ने कई अहम मामलों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मंगलवार को सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी।

इंट्रोफोर्ड का उपचार जिला पशु चिकित्सालय बागपत में चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर उसे सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। निधन के बाद राजकीय पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस लाइन बागपत में इंट्रोफोर्ड को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोक सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने सेवाकाल में इंट्रोफोर्ड ने 2022 में मवीकला हत्याकांड, फखरपुर बालक हत्या प्रकरण और 2025 में हलालपुर मंदिर चोरी मामले में अहम सुराग देकर पुलिस की मदद की थी। पुलिस विभाग ने अपने इस वफादार साथी को नम आंखों से विदाई दी और उसकी सेवाओं को अविस्मरणीय बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी