उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सिपाही भर्ती-2025 का फाइनल रिजल्ट जारी
लखनऊ, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सिपाही भर्ती-2025 का फाइनल रिजल्ट बुधवार को घोषित कर दिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,679 पदों पर चयन होना है। भर्ती में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम पुलिस की अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती– 2025 के सम्बन्ध में कुल 32,679 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये थे। लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा और अभिलेखों की जांच में सफल पाये गये अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट भी जारी की गई है।
बोर्ड ने बुधवार को इसकी जानकारी सोशल मीडिया एक्स पर साझा करते हुए अलग-अलग श्रेणी के हिसाब से कटआफ जारी किए है। बोर्ड ने यह भी कहा है कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की वेबसाइट https://uppbpb.gov.in पर प्रदर्शित की गयी है। अभ्यर्थीगण अन्तिम चयन परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन संख्या व जन्मतिथि अंकित कर देख सकते हैं ।
लिखित परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों के प्रसामान्यीकृत अंको का प्रदर्शन बोर्ड की वेबसाइट पर माह नवम्बर के तृतीय सप्ताह में किया जायेगा। उक्त प्रसामान्यीकृत अंक देखने के लिए अभ्यर्थी द्वारा अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के सम्बन्ध में अलग से विज्ञप्ति प्रकाशित की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

