home page

पेड़ पर लटके मिले शादीशुदा युवक और युवती के शव, जांच कर रही पुलिस

 | 
पेड़ पर लटके मिले शादीशुदा युवक और युवती के शव, जांच कर रही पुलिस


बाराबंकी 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के सतरिख थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह गेंदूवर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में एक पेड़ पर प्रेमी जोड़े के शव फंदे से लटकते मिले। पेड़ की अलग-अलग डालियों पर झूलते दोनों शवों को देखकर ग्रामीणों की रूह कांप उठी। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और देखते ही देखते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मामला गेंदूवर गांव का है। मृत युवक की पहचान गांव निवासी रोहित (25) के रूप में हुई है। रोहित की शादी करीब एक साल पहले हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी मूक-बधिर है और बोल नहीं सकती। परिवार में कोई संतान भी नहीं थी। वहीं पेड़ से लटकी युवती की देर शाम तक पहचान नहीं हो सकी, जिससे घटना और भी रहस्यमयी बन गई है। गांव में चर्चा है कि रोहित का किसी युवती से लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताना चाहते थे, लेकिन सामाजिक बंधन, पारिवारिक दबाव और रिश्तों की उलझनों ने उन्हें ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। लोगों का कहना है कि देर रात दोनों घर से निकले और फिर हमेशा के लिए मौत को गले लगा लिया।

सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो पेड़ पर दोनों के शव लटकते देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची सतरिख पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल डीके सिंह ने बताया युवती की पहचान कराने में पुलिस प्रयास कर रही है प्रेम-प्रसंग समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद रोहित के घर में कोहराम मचा हुआ है। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में बस एक ही चर्चा है — “आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने मौत को ही आखिरी रास्ता मान लिया…”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी