home page

पीएम सूर्य घर योजना से मीरजापुर में सौर क्रांति, 7,440 घरों में रोज बन रही एक लाख यूनिट से अधिक बिजली

 | 
पीएम सूर्य घर योजना से मीरजापुर में सौर क्रांति, 7,440 घरों में रोज बन रही एक लाख यूनिट से अधिक बिजली


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मीरजापुर में सौर ऊर्जा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। जिले के 7,440 घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे प्रतिदिन एक लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे हजारों परिवारों के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

यूपीनेडा के परियोजना प्रभारी संदीप कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि योजना के तहत अब तक 6,494 लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी की धनराशि भेजी जा चुकी है, जबकि शेष लाभार्थियों को भी जल्द भुगतान किया जाएगा। वर्ष 2026-27 में 9,525 नए घरों में सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अप्रैल में 563, मई में 718, जून में 840 तथा जुलाई में अब तक 270 नए लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार संयुक्त रूप से आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध करा रही हैं। एक किलोवाट के संयंत्र पर 45 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।

परियोजना प्रभारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना, बिजली खर्च कम करना और स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ हरित ऊर्जा को भी नई गति मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा