रायबरेली : प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर बना रिकॉर्ड, लाखों श्रद्धालुओं ने किया सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्र का जाप
रायबरेली,17 सितम्बर (हि.स.)। प्रसिद्ध कथाव्यास पं. प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लाखों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर रिकॉर्ड बनाया।
कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के द्वारा रायबरेली में कराई जा रही श्री शिवमहापुराण कथा के विशाल कथा पंडाल में यह विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर पं. प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष वैदिक अनुष्ठान किया गया व उनके स्वस्थ व सुदीर्घ जीवन की कामना की गई।
रायबरेली के चड्राई में चल रही श्री शिवमहापुराण कथा स्थल गुरुवार को वैदिक मंत्रों से गुंजायमान रहा। शंख की ध्वनि और डमरू के नाद के बीच महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक जाप जब शुरू हुआ तो पूरा कथा परिसर मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
पांच लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने एक स्वर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप करते हुए भगवान महादेव का स्मरण किया। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घ एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। लाखों कंठों से एक साथ निकले मंत्रोच्चार ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पं. प्रदीप मिश्रा जी के सानिध्य में सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया गया।
कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के आह्वान पर इस विशेष धार्मिक आयोजन में वैदिक अनुष्ठान, मंत्रोच्चार और सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्र जाप के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की गई।
इस अवसर पर सिंचाई व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हम सभी के गौरव हैं। उनके नेतृत्व में देश न केवल प्रगति के पथ पर अग्रसर है बल्कि उन्होंने पूरी दुनिया में भारत को एक नई पहचान दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके यशस्वी जीवन की कामना की।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

