विवाहिता की मौत पर थाने पहुंचे मायके वाले, शव रखकर ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग
- आठ साल से पति के अलग रहने का आरोप, इलाज के दौरान हुई मौत
मीरजापुर, 10 अगस्त (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के बाद मायके वालों ने थाने पहुंचकर शव रख दिया और ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बभनी गांव निवासी मृतका के भाई श्रीराम यादव के अनुसार उनकी 34 वर्षीय बहन सविता की शादी वर्ष 2008 में विंध्याचल थाना क्षेत्र के नदिनी गांव निवासी विजय कुमार यादव के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग सविता को प्रताड़ित करने लगे थे। मायके वालों का कहना है कि पति पिछले करीब आठ वर्षों से उससे मिलने तक नहीं आया, जिसके चलते वह उपेक्षा और अभाव में जीवन गुजार रही थी।
परिजन के मुताबिक, शनिवार दोपहर सविता बेहोशी की हालत में मायके से करीब पांच सौ मीटर दूर नएपुर चौराहे के पास एक झोलाछाप चिकित्सक के यहां मिली। आरोप है कि पति उसे वहां छोड़कर चला गया। हालत गंभीर होने पर मायके वालों ने उसे प्रयागराज के स्वरूपरानी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसके बाद मायके वाले शव लेकर जिगना थाने पहुंच गए। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद ससुराल पक्ष का कोई व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
सविता आठ वर्षीय बेटे हिमांशु और 12 वर्षीय बेटी अंशु की मां थी। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

