home page

सर्वपितृ अमावस्या पर रामगया घाट पर उमड़ेगा पिंडदानियों का सैलाब

 | 
सर्वपितृ अमावस्या पर रामगया घाट पर उमड़ेगा पिंडदानियों का सैलाब


मीरजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सर्वपितृ अमावस्या पर विंध्य क्षेत्र के रामगया घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अमावस्या के दिन उन लोगाें के पूर्वजों का तर्पण और पिंडदान करने की परंपरा है, जिन्हें पितरों की मृत्यु तिथि की जानकारी नहीं होती। इसे देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर संबंधित विभागों ने घाट पर व्यवस्थाएं पूरी करनी शुरू कर दी हैं।

नगर पालिका की ओर से घाट की सफाई के साथ सीढ़ियों से शिल्ट हटाने का काम कराया गया है। गंगा में स्नान के दौरान सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। घाट तक पहुंचने वाले जर्जर मार्गों की मरम्मत कराई गई है। प्रकाश व्यवस्था के लिए अस्थायी लाइट लगाई जा रही है, जबकि पेयजल के लिए हैंडपंप भी दुरुस्त कराया गया है।

रामगया घाट पर स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचते हैं। हालांकि घाट की दोनों पटरियों पर दुकानों के अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो सकती है। मान्यता के अनुसार, भगवान राम ने भी रामगया घाट पर अपने पिता राजा दशरथ का पिंडदान किया था। विद्वानों के अनुसार इसी मान्यता के चलते इस स्थान को ‘छोटी गया’ के नाम से भी जाना जाता है।

नगरपालिका के ईओ गोवालाल ने बताया कि रामगया घाट पर अमावस्या को आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए सफाई, सीढ़ियों से शिल्ट हटाने, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था के काम कराए जा रहे हैं। घाट पर सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा