home page

फाल्गुन पूर्णिमा पर मां शीतला का भव्य श्रृंगार, चंद्र ग्रहण के दौरान बंद रहेंगे कपाट

 | 
फाल्गुन पूर्णिमा पर मां शीतला का भव्य श्रृंगार, चंद्र ग्रहण के दौरान बंद रहेंगे कपाट


जौनपुर, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि एवं साप्ताहिक श्रृंगार के अवसर पर मां शीतला चौकियां धाम में मां शीतला का भव्य श्रृंगार विधि-विधान से संपन्न हुआ। सोमवार दोपहर माता रानी का अलंकरण कर मध्यान्ह विश्राम आरती एवं पूजन पंडा परिवार के उपाध्यक्ष विजय पंडा द्वारा संपन्न कराया गया। मंदिर परिवार के मुक्तेश्वर पंडा ने भी भव्य आरती के साथ पूजन किया।

पूर्णिमा के कारण भोर से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जो देर शाम तक जारी रहीं। हवन-पूजन और जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। मंगलवार को पड़ने वाले चंद्र ग्रहण के संबंध में महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि चौकियां धाम में सूतक काल में पट बंद रखने की परंपरा प्राचीन काल से नहीं है। ग्रहण काल से 12 घंटे पूर्व सूतक काल प्रारंभ माना जाता है, किंतु केवल ग्रहण के मूल समय में ही कपाट बंद किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को माता रानी का श्रृंगार कर दोपहर 3 बजे विश्राम आरती होगी। इसके बाद रात्रि 8 बजे तक कपाट बंद रहेंगे। ग्रहण का मूल प्रभाव शाम 3:20 बजे से प्रारंभ होकर 6:47 बजे तक रहेगा। रात्रि 8 बजे के बाद गर्भगृह एवं मंदिर परिसर का शुद्धिकरण कर पुनः कपाट खोल दिए जाएंगे और दर्शन-पूजन प्रारंभ कर दिया जाएगा। रंगों के उत्सव होली के अवसर पर महंत विवेकानंद पंडा ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए माता रानी से सभी के स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने आपसी द्वेष भूलकर प्रेम और सद्भाव के साथ जीवन में प्रगति के रंग भरने का संदेश दिया।-----

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव