भाजपा सरकार में छीने जा रहे है पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकार : बाबू सिंह कुशवाहा
फिरोजाबाद, 20 सितंबर (हि.स.)। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने रविवार को भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा व जन अधिकार पार्टी के उम्मीदवारों को भारी वोटों से जिताने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आव्हान किया।
जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा रविवार को फिरोजाबाद जिले की जसराना विधानसभा के गांव कनवारा गांव समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित पीडीए एकता सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे। लोकसभा सांसद और संसदीय दल के उपनेता बाबू सिंह कुशवाहा ने सम्मेलन की अध्यक्षता की। सांसद बाबू सिह कुशवाहा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने बिजली के निजीकरण का भी विरोध किया और कहा कि समाजवादी पार्टी सदन से लेकर सड़क तक इसका विरोध कर रही है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि थानों, तहसीलों और ब्लॉकों में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। उन्होंने किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया, जिसमें खाद-यूरिया की कमी और आलू किसानों की परेशानियां शामिल थीं।
फिरोजाबाद सांसद अक्षय यादव ने कहा कि जिले की जनता ने हमेशा समाजवादी विचारधारा का समर्थन किया है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को घेरा।
पीडीए सम्मेलन का आयोजन जसराना के सपा विधायक इंजीनियर सचिन यादव और जिलाध्यक्ष सपा शिवराज सिंह यादव द्वारा किया गया।
सम्मेलन में सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष लाखन सिंह कुशवाह सहित विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, युवा, किसान, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

