home page

पीपीएस सेवानिवृत्त ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन संपन्न

 | 
पीपीएस सेवानिवृत्त ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन संपन्न


पीपीएस सेवानिवृत्त ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन संपन्न


लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। पीपीएस (सेवानिवृत्त) ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल महानगर, लखनऊ स्थित सभागार में बुधवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतेन्द्र पाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति कमलेश्वर नाथ (100 वर्ष), पूर्व डीजीपी विलास मणि त्रिपाठी, ए.के. जैन, रामेश्वर दयाल, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन प्रशांत कुमार, पुलिस महानिदेशक के जीएसओ के.एस. इमैन्यूअल तथा पूर्व पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार मिश्रा एवं आर.के. चतुर्वेदी उपस्थित रहे।

अधिवेशन का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ। तत्पश्चात् एसोसिएशन के महासचिव श्याम पाल सिंह ने सदन को अवगत कराया कि विगत एक वर्ष के दौरान एसोसिएशन के 46 सदस्यों के निधन की सूचना प्राप्त हुई है। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके उपरांत महासचिव ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधाओं से संबंधित नौ सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें पेंशन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, ऑनलाइन प्रक्रिया के सरलीकरण, लाइसेंस संबंधी मांग तथा विश्राम कक्षों की व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान का अनुरोध किया गया।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के संबंध में आश्वस्त करते हुए कहा कि लाइसेंस संबंधी मांग के विषय में शासन स्तर पर वार्ता कर उचित निर्देश निर्गत कराने का प्रयास किया जाएगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक