home page

उप्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से हाे रहा विकास : जयवीर सिंह

 | 
उप्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से हाे रहा विकास : जयवीर सिंह


फिरोजाबाद, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जनपद के गांव करहरा में 24.74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का भूमि पूजन एवं शिलान्यास सोमवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय जनपद के शैक्षिक और सामाजिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

इस कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनियां एवं स्टॉल लगाए गए थे। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर लगे सभी स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए उत्पाद स्टॉल, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।

इस मौके पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। प्रदेश सरकार गांवों के बच्चों को भी शहरों जैसी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लगभग 24.74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कॉन्वेंट स्कूल जैसी विश्वस्तरीय शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। विद्यालय परिसर में 30 विशाल एवं स्मार्ट कक्षाओं का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा में लगभग 50 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी, जिससे कुल 1500 छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। विद्यालय में आधुनिक शिक्षण संसाधनों के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मंत्री जयवीर सिंह के हाथों सहायता सामग्री, चेक, प्रमाण पत्र एवं टूलकिट वितरित की गईं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत रजनी एवं अजहान बेग को 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया तथा ओडीओपी योजना के तहत टूलकिट वितरित की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद सिरसागंज की अध्यक्ष रंजना सिंह, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत, जिला पंचायत सदस्य राजीव राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, पीडी डीआरडीए सुभाष चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रामबदन राम, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, एई आवास विकास वैभव सिंह आदि उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़