धार्मिक स्थलों का होगा व्यापक विकास, बढ़ेगा पर्यटन : जयवीर सिंह
फिरोजाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। नारखी क्षेत्र में पर्यटन विकास एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को नई गति देते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को करीब 6.64 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के अंतर्गत सिद्ध काली माता मंदिर, कनवार रेमजा में 1.93 करोड़, श्री राधा कृष्ण मंदिर, बड़ा गांव में 1.50 करोड़, श्री शिव मंदिर, आसलपुर में 1.23 करोड़, गोगाजी एवं काली मंदिर, पिपरौली में 1.12 करोड़ तथा शिव मंदिर, गढ़ी हंसराम में 85.88 लाख के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का स्वरूप निखरेगा और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। डबल इंजन सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का तेजी से विकास किया जा रहा है। आज उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर भी पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। हम प्रदेश के हर महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
उन्होंने कहा इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि फिरोजाबाद जनपद पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा। पर्यटन के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने कहा कि यह परियोजनाएं टुंडला क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इन विकास कार्यों से आमजन और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। विधायक ने इन योजनाओं की स्वीकृति के लिए पर्यटन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुशील चक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

