home page

फिरोजाबाद केवल सुहाग नगरी नहीं बल्कि आस्था और अध्यात्म की एक अनमोल धरोहर : जयवीर सिंह

 | 
फिरोजाबाद केवल सुहाग नगरी नहीं बल्कि आस्था और अध्यात्म की एक अनमोल धरोहर : जयवीर सिंह


फिरोजाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को ऐतिहासिक गोपाल आश्रम प्रांगण में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनपद के सांस्कृतिक स्थलों के कायाकल्प के लिए 697.17 लाख रुपए की विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं में गोपाल आश्रम का पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण, श्री चिंतामणि मंदिर का पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण जबकि छिदामी लाल जैन मंदिर एवं पसीने वाले हनुमान जी मंदिर का पर्यटन विकास एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि फिरोजाबाद केवल सुहाग नगरी ही नहीं बल्कि आस्था और अध्यात्म की एक अनमोल धरोहर हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में हमारा लक्ष्य है कि फिरोजाबाद के प्रत्येक पौराणिक और ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर स्थान मिले। आज गोपाल आश्रम व चिंतामणि मंदिर का जो सौंदर्यीकरण पूर्ण हुआ है, आने वाले श्रद्धालुओं को न केवल मानसिक शांति प्रदान करेगा, बल्कि पर्यटकों की संख्या में वृद्धि कर स्थानीय व्यापार को नई गति देगा। उन्होंने आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छदामी लाल जैन मंदिर और पसीने वाले हनुमान जी का शिलान्यास इसी श्रृंखला का हिस्सा हैं, हम यहां ऐसी विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित कर रहे हैं कि बाहर से आने वाले पर्यटक यहां रुकने और यहां की संस्कृति को समझने के लिए प्रेरित हो। जनपद में लगाये जा रहे साइनेज से पर्यटकों को ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचने में कोई असुविधा नहीं होगी।

सदर विधायक मनीष असीजा ने पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से कार्यों की सराहना की।

विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि इस परियोजनाओं से फिरोजाबाद की नगर निगम सीमा और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की नई राह खुलेगी।

इस अवसर पर अनिल मित्तल, त्रिभुवन नाथ मित्तल, नानक चंद अग्रवाल, सुनील टंडन एवं पुष्पेंद्र पाल आदि लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़