home page

नशा त्यागने और शाकाहार अपनाने का संदेश लेकर धौंहा पहुंचे पंकज महाराज

 | 
नशा त्यागने और शाकाहार अपनाने का संदेश लेकर धौंहा पहुंचे पंकज महाराज


- जयगुरुदेव संस्था की जनजागरण यात्रा का 50वां पड़ाव, सत्संग में सदाचार पर दिया जोर

मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा की जनजागरण यात्रा का 50वां पड़ाव शुक्रवार को चुनार क्षेत्र के धौंहा गांव में रहा। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज महाराज ने सत्संग के माध्यम से लोगों से नशा छोड़ने, शाकाहार अपनाने और समाज में प्रेम व सद्भाव बढ़ाने की अपील की। इस दौरान नशामुक्ति, शाकाहार और सदाचार से जुड़े संदेश दिए गए।

सत्संग में पंकज महाराज ने कहा कि मानव जीवन को आध्यात्मिक साधना और अच्छे कर्मों में लगाना चाहिए। उन्होंने सत्संग, सेवा और नाम-साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

उन्होंने मांसाहार और शराब के सेवन से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि हिंसा और नशे से समाज में कई तरह की समस्याएं पैदा होती हैं। भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध और संत कबीर के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अहिंसा, संयम और नैतिक जीवन अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने समाज के लोगों से स्वयं नशामुक्त और शाकाहारी रहने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोती लाल सिंह, सरजू प्रसाद मौर्य, रामनरेश, गुलाब सिंह सहित सीतापुर की संगत से आए राजेंद्र प्रसाद यादव, रमाकांत विश्वकर्मा, लल्लूराम, रामकिशोर, रामशरण, नरेश कुमार और मो. नईम मौजूद रहे। आयोजकों ने पुलिस-प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव के लिए राजगढ़ ब्लॉक के बरहीपुर गांव स्थित क्रिकेट स्टेडियम मैदान रवाना हो गई।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा