पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पंचायत सहायकों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
महोबा, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन द्वारा शनिवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के माध्यम से मुख्यमंत्री को मानदेय बढ़ोत्तरी व स्थायीकरण सहित 5 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। पंचायत सहायकों ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय न होने पर धरना प्रदर्शन का अल्टीमेटम दिया है।
पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष ऋषि राठौर ने जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पंचायत सहायकों के 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराई जाए। और उनका मानदेय बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए या कम से कम उत्तर प्रदेश में निर्धारित न्यूनतम कुशल मजदूरी दर के बराबर मानदेय दिया जाए।पंचायत सहायकों की अनुबंध या संविदा प्रक्रिया को समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली बनाते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान किया जाए। महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश की सुविधा प्रदान की जाए तथा उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण या समायोजन की नीति लागू की जाए। और इसके साथ ही अनुभव एवं कार्य को ध्यान में रखते हुए आगामी ग्राम विकास अधिकारी ,ग्राम पंचायत अधिकारी की भर्ती में 50 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाए।
बताया कि ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर प्रदेश के समस्त पंचायत सहायक आगामी 7 सितंबर से ईको गार्डन लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।इस दौरान जिला संगठन मंत्री प्रतीक्षा वर्मा, देवेंद्र कुमार, रती भान, लवकुश, जितेन्द्र कुमार, देव करन, रवि ठाकुर, सहित अन्य पंचायत सहायक मौजूद रहे हैं।
-------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

