जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी पर भड़की पल्लवी पटेल, कलेक्ट्रेट में दिया धरना, जांच व रिहाई की मांग
मीरजापुर, 07 मार्च (हि.स.)। अपना दल (कमेरावादी) की नेता डॉ. पल्लवी पटेल शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचीं और पार्टी के जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन के खिलाफ कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर पटेल की तत्काल रिहाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं पल्लवी पटेल ने कहा कि जब तक उन्हें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से सीधे बातचीत का अवसर नहीं मिलेगा, तब तक वह कलेक्ट्रेट परिसर से नहीं हटेंगी। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर गिरफ्तारी के खिलाफ आक्रोश जताया।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गुलाबचंद, उप जिलाधिकारी (सदर) और अमर बहादुर, क्षेत्राधिकारी लालगंज ने प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं से वार्ता की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई, हालांकि कार्यकर्ताओं ने जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

