home page

उत्तर प्रदेश की चार विभूतियों को पद्मश्री सम्मान, राष्ट्रपति ने किया अलंकृत

 | 
उत्तर प्रदेश की चार विभूतियों को पद्मश्री सम्मान, राष्ट्रपति ने किया अलंकृत


वाराणसी, 23 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित पद्म पुरस्कार अलंकरण समारोह द्वितीय में उत्तर प्रदेश की चार विशिष्ट हस्तियों को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया। इनमें से एक काे मरणाेपरांत सम्मान दिया गया और यह सम्मान उनके परिजनाें ने लिया। समारोह में देशभर की 65 विभूतियों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए।

उत्तर प्रदेश से वाराणसी की प्रख्यात संगीतज्ञ ,शिक्षाविद् प्रो. मंगला कपूर को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षा, भारतीय संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक और बहुआयामी कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। लखनऊ के वरिष्ठ रंगकर्मी, अभिनेता और सांस्कृतिक व्यक्तित्व डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी को कला एवं रंगमंच के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। उन्होंने दशकों से भारतीय रंगकर्म और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कृषि क्षेत्र में अभिनव और प्रेरणादायी कार्यों के लिए मुरादाबाद के स्वर्गीय रघुपत सिंह को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया। उनकी ओर से यह सम्मान उनके परिवार के सदस्य ने ग्रहण किया। कृषि नवाचारों और ग्रामीण विकास के लिए उनके योगदान ने किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है। इसी क्रम में मुरादाबाद के प्रसिद्ध शिल्पकार चिरंजी लाल यादव को पारंपरिक हस्तशिल्प एवं धातु कला के संरक्षण, संवर्धन और उत्कृष्ट सृजनात्मक योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। उनके कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त हुई है। समारोह में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश की इन चार विभूतियों को मिला यह सम्मान न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी