home page

अमेठी : नवोदय विद्यालय में राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ, 84 विद्यालयों के 650 विद्यार्थी ले रहे हिस्सा

 | 
अमेठी : नवोदय विद्यालय में राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ, 84 विद्यालयों के 650 विद्यार्थी ले रहे हिस्सा


अमेठी : नवोदय विद्यालय में राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ, 84 विद्यालयों के 650 विद्यार्थी ले रहे हिस्सा


अमेठी : नवोदय विद्यालय में राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ, 84 विद्यालयों के 650 विद्यार्थी ले रहे हिस्सा


अमेठी : नवोदय विद्यालय में राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ, 84 विद्यालयों के 650 विद्यार्थी ले रहे हिस्सा


अमेठी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पीएम श्री नवोदय विद्यालय गौरीगंज में बुधवार को दो दिवसीय राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। कला उत्सव जैसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा सामने लाने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि विद्यालयी जीवन विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। पढ़ाई के साथ खेलकूद, संगीत, कला और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी बच्चों के व्यक्तित्व को व्यापक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा होती है। शिक्षक उस प्रतिभा की पहचान कर उसे उचित दिशा और मार्गदर्शन दें। शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करना भी है।

पीएम श्री नवोदय विद्यालय गौरीगंज के प्राचार्य प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति, लखनऊ संभाग के निर्देशन में आयोजित इस राज्य स्तरीय कला उत्सव में लखनऊ, वाराणसी, हरिद्वार और आगरा क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 84 विद्यालयों के करीब 650 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता सात और आठ अक्टूबर को आयोजित होगी। इस दौरान विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक विधाओं में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया कि कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और कलात्मक अभिरुचियों को बढ़ावा देना है। विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय के उप प्राचार्य, नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ संभाग के असिस्टेंट कमिश्नर, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी