home page

षष्ठी पर विंध्य दरबार में आस्था का सैलाब, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

 | 
षष्ठी पर विंध्य दरबार में आस्था का सैलाब, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था


षष्ठी पर विंध्य दरबार में आस्था का सैलाब, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था


मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र की षष्ठी तिथि पर मंगलवार को मां विंध्यवासिनी दरबार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दिनभर में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर मां के चरणों में मत्था टेका। भोर की मंगला आरती के बाद ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं, जो देर शाम तक जारी रहीं।

श्रद्धालु पक्का घाट, कच्चा घाट और दीवान घाट पर गंगा स्नान कर पूजन सामग्री के साथ मंदिर पहुंचे। किसी ने गर्भगृह से तो किसी ने झांकी के माध्यम से मां का दर्शन किया। भीषण गर्मी को देखते हुए सुबह और शाम के समय अधिक भीड़ रही, जबकि दोपहर में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई।

गर्भगृह दर्शन के लिए नई वीआईपी मार्ग, पक्का घाट व जयपुरिया मार्ग पर कतारें लगी रहीं, जबकि झांकी दर्शन के लिए कोतवाली मार्ग से श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे। वीआईपी दर्शन के लिए पुरानी वीआईपी गेट नंबर-1 से प्रवेश दिया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल, एटीएस व सादे वर्दी में जवान तैनात रहे। गंगा घाटों पर एसडीआरएफ व जल पुलिस भी मुस्तैद रही।

बुजुर्गों के लिए गोल्फ कार्ट सुविधा

पुरानी वीआईपी मार्ग पर नगर पालिका की ओर से इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की गई है, जिससे दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को गेट नंबर-1 तक पहुंचाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा