home page

मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग की मौत, पत्नी-बेटी घायल

 | 

औरैया, 07 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र स्थित भदनैया गांव में मंगलवार को मधुमक्खियों के हमले से 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और आठ वर्षीय पुत्री घायल है।

कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम भदनैया निवासी संतोष दोहरे (55) अपनी पत्नी राजरानी और पुत्री अंजलि के साथ खेत में गेहूं की फसल काटने गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर किसी तरह मधुमक्खियों को भगाया और घायलों को बाहर निकाला। संतोष दोहरे को तत्काल महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना में घायल संताेष की पत्नी राजरानी और पुत्री अंजलि का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार