home page

तीन माह से गैस सिलेंडर नहीं, उपभोक्ता बेहाल

 | 
तीन माह से गैस सिलेंडर नहीं, उपभोक्ता बेहाल


मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में चुनार क्षेत्र के सीखड़ विकास खंड के कई गांवों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रुदौली व बरैनी स्थित गैस एजेंसियों के वितरक पिछले दो से तीन माह से सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।

रुदौली गांव के हीरालाल यादव, कांति देवी, हंसा यादव, गीता, लालदेई देवी व सीमा देवी ने बताया कि गैस कनेक्शन होने के बावजूद तीन माह से सिलेंडर नहीं मिला, जिससे भोजन बनाने में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

वहीं लरछूट गांव के भूपेंद्रनाथ मिश्रा, बटौवा के श्यामलाल, सुनीता व वंदना सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि होली से पहले सिलेंडर बुक कराया गया था, लेकिन अब तक न तो डिलीवरी हुई और न ही बुकिंग सही तरीके से हो पा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग पर केवल संदेश आता है, लेकिन सिलेंडर नहीं मिलता, जिससे बच्चों व बुजुर्गों को समय पर भोजन नहीं मिल पा रहा है।

उपजिलाधिकारी सदर गुलाबचंद ने कहा कि यदि एजेंसियों द्वारा आपूर्ति में लापरवाही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा