home page

प्रधानमंत्री मोदी की अपील से मिली प्रेरणा—फिरोजाबाद में शुक्रवार को रहेगा 'नो व्हीकल डे'

 | 
प्रधानमंत्री मोदी की अपील से मिली प्रेरणा—फिरोजाबाद में शुक्रवार को रहेगा 'नो व्हीकल डे'


फिरोजाबाद, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ईंधन, ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक नई पहल की है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जिले में प्रत्येक शुक्रवार को 'नो व्हीकल डे' (वाहन मुक्त दिवस) मनाया जाएगा।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने यह पहल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में की है। गुरुवार को उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवाद किया, जिसमें ईंधन बचत, ऊर्जा संरक्षण और स्वस्थ वातावरण स्थापित करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 'नो व्हीकल डे' के दिन अधिकारियों और कर्मचारियों को निजी वाहनों का उपयोग न करने तथा सामूहिक परिवहन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्हाेंने निर्देश दिए कि मुख्यालय पर होने वाली बैठकों में स्थानीय अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित होंगे, जबकि दूरस्थ तहसीलों और विकास खंडों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। संपूर्ण समाधान दिवस और क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान कार पूलिंग को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपने वाहनों की समय-समय पर सर्विस कराने का आग्रह किया गया है, ताकि ईंधन की अनावश्यक खपत रोकी जा सके। निजी क्षेत्र के कार्यालयों को भी आवश्यकतानुसार 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम) व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि सभी लोग सामूहिक रूप से ईंधन संरक्षण की दिशा में प्रयास करते हैं, तो ऊर्जा बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और एक स्वस्थ समाज की स्थापना में बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़