home page

वाराणसी में सेवा संकल्प यात्रा के समापन पर जनसभा में मुख्य अतिथि रहेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

 | 
वाराणसी में सेवा संकल्प यात्रा के समापन पर जनसभा में मुख्य अतिथि रहेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन


वाराणसी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वाराणसी में रोहनियां स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में बुधवार को सेवा संकल्प यात्रा के समापन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बतौर मुख्य अतिथि एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि वडनगर से वाराणसी पहुंच रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के समापन के अवसर यह जनसभा आयोजित की जा रही है। इस जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित राज्य सरकार के तमाम मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी पदाधिकारी लोगों की उपस्थिति रहेगी।

अशोक चौरसिया ने पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए वाराणसी के जनप्रतिनिधियों और महानगर व जिला के पदाधिकारी की जगह-जगह पर स्वागत टोली तैयार रहेगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में वाराणसी क्षेत्र में सैकड़ों होर्डिंग लगाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा में शामिल यात्रियों को स्वागत करने के लिए महिलाओं की भी टोली बनाई गई है, जो उनका स्वागत करेगी और विश्वनाथ धाम दर्शन के दौरान सिर पर कलश लेकर आगे आगे चलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद