home page

मीरजापुरः बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी में नौ सदस्य बहाल

 | 
मीरजापुरः बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी में नौ सदस्य बहाल


- चार पदाधिकारियों के त्यागपत्र निरस्त, पांच मनोनीत सदस्यों को भी मिली पुरानी जिम्मेदारी

मीरजापुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी में गुरुवार को सदस्यों की स्थिति को लेकर निर्णय लिया गया। संघ कार्यालय में हुई बैठक में पूर्व में त्यागपत्र देने वाले चार सदस्यों के त्यागपत्र निरस्त करते हुए उन्हें कार्यकारिणी में पूर्ववत बहाल कर दिया गया। इसके साथ ही पांच मनोनीत सदस्यों को भी उनके पूर्व पदों पर बहाल करने का निर्णय लिया गया। एक निर्वाचित सदस्य की अनुपस्थिति के चलते उनके मामले में निर्णय नहीं हो सका।

बार अध्यक्ष अभयराज सिंह के अनुसार श्याम बिहारी तिवारी, अवधेश कुमार द्विवेदी, उपसचिव प्रशासन दिलीप कुमार पांडेय और उपसचिव प्रकाशन नीरज कुमार तिवारी ने दो मई को त्यागपत्र दिया था। बाद में इन सदस्यों ने त्यागपत्र वापस लेने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। बैठक में प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए उनके पूर्व त्यागपत्र निरस्त कर दिए गए और कार्यकारिणी में बहाल करने का फैसला हुआ।

बार सचिव जंगबहादुर सिंह ने बताया कि पूर्व में मनोनीत संजय कुमार गुप्ता, हर्षिता सिंह, सुरेश प्रताप सिंह, अमरेश कुमार पांडेय और बबीता जायसवाल को भी उनके पूर्व पदों पर पुनः बहाल कर दिया गया।

सतीश सिंह का मामला पांच अक्टूबर तक टला

निर्वाचित सदस्य सतीश कुमार सिंह बैठक में उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते उनकी बहाली पर कोई निर्णय नहीं हो सका। उन्हें पांच अक्टूबर को अध्यक्ष और सचिव के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत किए जाने के बाद उनकी बहाली पर निर्णय लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा