वनरोज और आवारा गोवंश से किसानों की बढ़ी मुसीबत, रातभर जागकर फसलों की रखवाली करने को मजबूर
खेतों में घुसकर खड़ी फसलें कर रहे नष्ट, किसानों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की उठाई मांग
औरैया, 16 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में वनरोज (नीलगाय) और आवारा गोवंश किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। खेतों में खड़ी फसलों को बचाने के लिए किसानों को दिन-रात निगरानी करनी पड़ रही है। इसके बावजूद वनरोज के झुंड और आवारा गोवंश खेतों में घुसकर फसलों को रौंदने और खाने से भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। लगातार बढ़ती इस समस्या से किसानों की मेहनत और खेती की लागत पर पानी फिर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक उन्हें खेतों की रखवाली करनी पड़ती है। वनरोज के झुंड अचानक खेतों में पहुंचते हैं और देखते ही देखते खड़ी फसल को नष्ट कर देते हैं। वहीं आवारा गोवंश भी खेतों में घुसकर गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हालात यह हैं कि किसान रातभर जागकर खेतों की निगरानी करने को मजबूर हैं। इसके चलते उनकी दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
किसान रमेश चन्द्र ने बताया कि आवारा गोवंश और नीलगाय के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बुवाई से कटाई तक फसल की रखवाली करनी पड़ती है। प्रशासन को आवारा गोवंश को गौशालाओं में पहुंचाने और फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
मुन्नू पुत्र जयराम ने कहा कि वनरोज के झुंड और आवारा गोवंश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन-रात मेहनत करने के बाद भी फसल सुरक्षित नहीं रह पा रही है। ददवल पुत्र लल्लूराम ने कहा कि खेती करना अब चुनौती बनता जा रहा है। फसल उगते ही वनरोज और गोवंश खेतों में नुकसान पहुंचाने लगते हैं। प्रशासन को इसका स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
वहीं शिवेंद्र सिंह ने बताया कि वनरोज के झुंड खड़ी फसलों को नष्ट कर देते हैं। किसान अपनी मेहनत और लागत बचाने के लिए दिन-रात निगरानी कर रहे हैं, फिर भी नुकसान से बचना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वनरोज से फसलों की सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और आवारा गोवंश को पकड़वाकर गौशालाओं में संरक्षित कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

