home page

औरैया : बोरिंग के गहरे गड्ढे में गिरी नीलगाय, वन विभाग ने रेस्क्यू कर बचाई जान

 | 
औरैया : बोरिंग के गहरे गड्ढे में गिरी नीलगाय, वन विभाग ने रेस्क्यू कर बचाई जान


औरैया, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत औता के मजरा नंदपुर में खेत में बोरिंग के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में एक नीलगाय गिर गई। नीलगाय के गड्ढे में गिरने की जानकारी शनिवार ग्रामीणों ने किसान को दी। बाद में वन विभाग की टीम सूचना मिलने पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद नीलगाय को सकुशल बाहर निकाल लिया।

मुकेश कुमार के खेत में बोरिंग के लिए गड्ढा खोदा गया था। जिसमें एक नीलगाय अचानक उसमें गिर गई। नीलगाय के गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने देखा कि नीलगाय गहरे गड्ढे में फंसी हुई थी और बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तत्काल किसान मुकेश कुमार को दी, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन दरोगा ब्रजभूषण सिंह और बीट प्रभारी गौरव मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद नीलगाय को गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया।

वन दरोगा ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि एक बोरिंग के गड्ढे में गिरी नीलगाय को बाहर निकालने के बाद टीम ने उसकी स्थिति देखी और उसे सुरक्षित जंगल की ओर छोड़ दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार