home page

सोनभद्र: डरा धमकाकर किशोरी का बाल विवाह कराने में दो गिरफ्तार

 | 
सोनभद्र: डरा धमकाकर किशोरी का बाल विवाह कराने में दो गिरफ्तार


सोनभद्र, 28 मई (हि.स.)। पिपरी थाना क्षेत्र निवासी एक तेरह वर्षीय किशोरी का उसके परिजनों को डरा धमकाकर व बंधक बनाकर अलीगढ़ निवासी युवक से जबरदस्ती शादी करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया की पिपरी निवासी पवन कुमार ने 21 मई को थाना पिपरी पर सूचना दी गई कि उनकी पत्नी बच्चों सहित बिना बताए घर से कहीं चली गई है, जिसके सम्बन्ध में थाना पिपरी पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। इस मामले के खुलासे के लिए थाना पिपरी पुलिस द्वारा तत्परता एवं गंभीरता से कार्रवाई करते हुए दो दिन के अंदर आवेदक की पत्नी एवं बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। घर वापस आने पर आवेदक की पत्नी द्वारा बताया गया कि उसे तथा उसके बच्चों को कामेश्वर बैठा निवासी रेनुकूट एवं बाबा जी नामक व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अलीगढ़ ले जाया गया था, जहां उसकी नाबालिग पुत्री उम्र करीब 13 वर्ष का विवाह लोकेश नामक व्यक्ति से करा दिया गया। पीड़िता द्वारा यह भी बताया गया कि अलीगढ़ में उन्हें डरा-धमकाकर रखा गया तथा किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। अवसर मिलने पर पीड़िता द्वारा लोकेश के मोबाइल नम्बर से अपने पति को सूचना दी गई, जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा उन्हें सकुशल बरामद किया गया।

पुलिस टीम ने जांच व पुछताछ के बाद कामेश्वर बैठा पुत्र अज्ञात निवासी रेनुकुट थाना पिपरी जनपद सोनभद्र, बाबा जी पुत्र अज्ञात निवासी अज्ञात व लोकेश पुत्र अज्ञात निवासी अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में पॉक्सो एक्ट तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा जोड़ी गई है और इनके गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लग गई।

एसपी ने बताया की आज सुबह 09:45 बजे नौकुटिया मोड़ के पास से अलीगढ़ निवासी लोकेश कुमार व पिपरी निवासी कामेश्वर बैठा को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान बताया की हम लोग आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से पश्चिमी जनपदों के व्यक्तियों से संपर्क स्थापित करते थे तथा उनसे मोटी रकम लेकर अपने क्षेत्र की गरीब एवं नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते थे। इसके उपरांत लड़कियों को उनके परिजनों से दूर अन्य जनपदों में ले जाकर बहकावे में रखकर विवाह कराते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी