home page

मीरजापुर: सिवान में कपड़े में लिपटा मिला नवजात,ग्रामीणों ने बचाई जान

 | 
मीरजापुर: सिवान में कपड़े में लिपटा मिला नवजात,ग्रामीणों ने बचाई जान


मीरजापुर, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित मलुआ गांव के सिवान में सोमवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों को नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कपड़े में लिपटा नवजात पड़ा मिला। मासूम को देखकर लोग हैरान रह गए।

नवजात मिलने की खबर फैलते ही मौके पर पहुंची पुलिस नवजात को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेहरा पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। परीक्षण में नवजात स्वस्थ पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के साथ नवजात को सुरक्षित रखने की कार्रवाई शुरू की।

सिवान में नवजात मिलने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते बच्चे के रोने की आवाज सुनाई नहीं देती तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती थी।

थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि नवजात को मलुआ गांव के सिवान से बरामद कर पीएचसी पटेहरा में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जहां वह स्वस्थ मिला। मामले की जांच की जा रही है और नवजात को छोड़ने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा