पुलिस विभाग को मिलेंगे 5 हजार नए सिपाही
मुरादाबाद, 8 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में जल्द ही 5 हजार नए सिपाही शामिल होंगे। इन सभी प्रशिक्षु सिपाहियों का प्रशिक्षण मुरादाबाद के 6 संस्थानों में चल रहा था। ट्रेनिंग के नोडल अधिकारी व पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बुधवार को बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी के ग्राउंड में 20 अप्रैल को पासिंग आउट परेड होगी।
मुरादाबाद के पुलिस लाइन, पीटीसी, पीटीएस, नौवीं वाहिनी, 23वीं वाहिनी पीएसी और 24वीं वाहिनी पीएसी में करीब पांच हजार प्रशिक्षु सिपाहियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। इन छह संस्थानों में हजारों सिपाहियों ने कड़ी मेहनत से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। बाहरी और आंतरिक दोनों तरह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। अब सभी प्रशिक्षु सिपाही फाइल परीक्षाओं में व्यस्त हैं।
इन परीक्षाओं के बाद ही उन्हें पुलिस बल में शामिल किया जाएगा। 20 अप्रैल को मुरादाबाद में पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जाएगा। इस परेड के बाद यह सभी सिपाही पुलिस विभाग का हिस्सा बन जाएंगे। यह पुलिस बल के लिए एक महत्वपूर्ण दिन होगा।
प्रशिक्षु सिपाहियों को पुलिस की विभिन्न बारीकियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनता के साथ व्यवहार जैसे विषय शामिल हैं। उन्हें शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता के लिए भी तैयार किया गया है। बाहरी प्रशिक्षण में ड्रिल, हथियार चलाने का अभ्यास और फील्ड ऑपरेशन शामिल थे। आंतरिक प्रशिक्षण में कानूनी ज्ञान, पुलिस प्रक्रियाओं और मानवाधिकारों की जानकारी दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

