home page

धान खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गौशालाओं में पशुओं की सेहत का रखें ध्यान : कुलजीत सिंह

 | 
धान खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गौशालाओं में पशुओं की सेहत का रखें ध्यान : कुलजीत सिंह


- कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, गौशाला, खाद केंद्र और नवीन मंडी का किया निरीक्षण

मीरजापुर, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने और धान खरीद में पूरी पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने गौशालाओं में पशुओं के स्वास्थ्य, चारा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

शनिवार को जनपद मीरजापुर के अष्टभुजा अतिथि गृह के सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति जानी। धान खरीद की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जिले में 132 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। एक नवंबर से खरीद शुरू है। राज्यमंत्री ने निर्देश दिया कि केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और खरीद पारदर्शी तरीके से की जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि जिले में 47 गोशालाओं में 14,995 पशु संरक्षित हैं। इस पर राज्यमंत्री ने पशुओं को हरा चारा काटकर खिलाने, नियमित साफ-सफाई और स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। पशुओं को दूसरे जनपद भेजने से पहले सक्षम स्तर से अनुमति लेने का भी निर्देश दिया।

सिंचाई विभाग ने बताया कि नहरों की सिल्ट सफाई का टेंडर हो चुका है और दीपावली के बाद काम शुरू होगा। नलकूप विभाग के अनुसार जिले में 484 मध्यम और 263 गहरी बोरिंग कराई गई हैं। एक बोरिंग पर 1.75 लाख रुपये खर्च होते हैं, जिसमें 85 हजार रुपये अनुदान दिया जाता है। खेत तालाब योजना के तहत 70 तालाब बन चुके हैं। चालू वित्तीय वर्ष के 17 के लक्ष्य के सापेक्ष 12 तालाबों का निर्माण पूरा हो गया है।

मंडी व्यवस्था की समीक्षा में राज्यमंत्री ने अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षित दुकानों को रिक्त रहने पर अन्य वर्गों को आवंटित नहीं करने का निर्देश दिया। निष्क्रिय दुकानदारों को नोटिस देने को भी कहा। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज पर निर्माण वर्ष और लागत का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। बैठक के बाद राज्यमंत्री ने बरजी मुकुंदपुर गौशाला में गोवंशों को गुड़ खिलाया और समोगरा स्थित खाद विक्रय केंद्र पर वितरण व्यवस्था देखी। नवीन मंडी समिति के निरीक्षण में किसानों के बैठने के स्थान पर पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उप कृषि निदेशक विकेश कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा