वाराणसी : एनडीआरएफ कर्मियों ने तिरंगा यात्रा में की उत्साहपूर्वक सहभागिता
वाराणसी, 13 अगस्त (हि. स.)। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत 11 वीं एनडीआरएफ (वाराणसी) के बचाव कर्मियों ने गुरुवार काे तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा के शुभारम्भ पर एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा में कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए दिखाई पड़े। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता हमारी प्रतिबद्धता है। भारत की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने के लिए यह यात्रा निकाली गई है।
वही, 11 वीं एनडीआरएफ, वाराणसी द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, सम्मान एवं गौरव के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर एनडीआरएफ के जवानों ने अपने कर्तव्य निर्वहन के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण, जन-जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

