वाराणसी में एनडीआरएफ की सतर्क रेस्क्यूर ने युवती को डूबने से बचाया
वाराणसी, 05 अप्रैल (हि. स.)। वाराणसी में मीर घाट पर गंगा के पवित्र जल में बिहार के मुंगेर निवासी 16 वर्षीय युवती स्नान के दौरान असंतुलित होकर गंगा के गहरे जल में चली गई और डूबने लगी। घटना के समय मीर घाट पर पिकेट ड्यूटी में तैनात एनडीआरएफ के सतर्क रेस्क्यूर आलेखा चंद जीना ने युवती को डूबते हुए देखा और बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए गहरे जल में छलांग लगा दी। तत्पश्चात युवती को सुरक्षित बाहर निकाल कर घाट के किनारे लाया गया तथा उसकी स्थिति सामान्य होने तक आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
एनडीआरएफ (वाराणसी) उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि एनडीआरएफ की सतर्क रेस्क्यूर आलेखा चंद जीना ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इस त्वरित, साहसिक एवं दक्षतापूर्ण बचाव कार्य को मीर घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और बचाव दल की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। वहीं घाट पर लगे कैमरे में सारा दृश्य कैद भी हो गया। एनडीआरएफ इसी तरह घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तत्परता से जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

