मीरजापुरः डंगहर में पहुंचा एनसीसी का नौका अभियान, कैडेट्स ने सीखे नौकायन के गुर
मीरजापुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में वन यूपी नेवल एनसीसी प्रयागराज का रिवर सेलिंग अभियान मंगलवार को जिगना क्षेत्र के डंगहर गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचा। यहां नौका अभियान में शामिल कैडेट्स ने गंगा में नौकायन के दौरान आई चुनौतियों और अपने अनुभव साझा किए।
कैडेट्स ने बताया कि हरगढ़ गांव से डंगहर तक गंगा का घुमावदार प्रवाह और बदलती परिस्थितियां नौका संचालन के लिए चुनौतीपूर्ण रहीं। ऐसे में सतर्कता, धैर्य, आपसी तालमेल और सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी रहा।
अभियान के दौरान पेटी ऑफिसर अशोक चंद्र भट्ट ने कैडेट्स को नौका चलाने, दिशा बदलने और नदी की स्थिति के अनुसार गति नियंत्रित करने की तकनीक सिखाई। कैडेट्स ने इन तकनीकों का अभ्यास भी किया। कमांडिंग ऑफिसर ने उन्हें अनुशासन और समन्वय के साथ अभियान पूरा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नदी की परिस्थितियों का आकलन कर सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सीख दी। अभियान का समापन वाराणसी के अस्सी घाट पर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

