home page

राष्ट्रीय लोक अदालत नाै मई काे , जागरूकता के लिए निकाली गई कार रैली

 | 
राष्ट्रीय लोक अदालत नाै मई काे , जागरूकता के लिए निकाली गई कार रैली


कानपुर, 05 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को सुलह-समझौते के माध्यम से वादों का अंतिम निस्तारण कराने का सशक्त मंच प्रदान करती है। अधिक से अधिक लोग इसमें पहुंचकर अपने मामलों का समाधान करा सकते हैं। जन-जागरूकता के उद्देश्य से यह रैली निकाली गई है।

यह बातें मंगलवार को जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल ने कही। जनपद न्यायालय परिसर से मंगलवार को आगामी नौ मई (द्वितीय शनिवार) को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार रैली निकाली गई। रैली को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने बताया कि लोक अदालत एक प्रकार से जनहित का महोत्सव है, जिसमें सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित और स्थायी निस्तारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों के विरुद्ध कोई अपील नहीं होती, जिससे वादियों को अंतिम समाधान मिलता है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछली लोक अदालत में लगभग दो लाख वादों का निस्तारण किया गया था और इस बार इससे अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अभिनव तिवारी ने बताया कि नौ मई को आयोजित मेगा नेशनल लोक अदालत में बिना जटिल प्रक्रियाओं के सुलह के आधार पर मामलों का शीघ्र निस्तारण संभव होगा। उन्होंने कहा कि इस बार बार एसोसिएशन के अभूतपूर्व सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है और इसी क्रम में कार रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बार एसोसिएशन और लायर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा जनपद न्यायाधीश को बुकें भेंट कर की गई। महामंत्री विनय मिश्रा और राजीव यादव ने बताया कि जागरूकता के लिए इस प्रकार की कार रैली का आयोजन पहली बार किया गया है, जिसमें न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं का व्यापक सहयोग मिला। इस अवसर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) महेश कुमार, अध्यक्ष कानपुर बार एसोसिएशन योगेंद्र बस्ती, अध्यक्ष लायर्स एसोसिएशन दिनेश चंद्र वर्मा, महामंत्री विनय मिश्रा, राजीव यादव सहित अन्य अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप