home page

हाईटेंशन तार की चपेट में आया राष्ट्रीय पक्षी मोर की माैत,राष्ट्रीय सम्मान के साथ दफनाया गया

 | 

मीरजापुर, 25 अगस्त (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के अनुरुद्धपुर पूरब पट्टी गांव में मंगलवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने मोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद राष्ट्रीय सम्मान के साथ उसे दफनाया दिया गया।

सूचना पर चेतगंज पुलिस चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मोर उड़कर हाईटेंशन लाइन के तार पर जा बैठा। तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आते ही वह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची चेतगंज पुलिस चौकी ने मोर के शव को कब्जे में लेकर वन विभाग को जानकारी दी। इसके बाद वन दरोगा राहुल यादव, वाचर गोपाल दुबे, लवलेश कुमार और सत्यनारायण यादव मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक को बुलाकर मृत मोर का पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम के बाद मोर के शव को मार्किन कपड़े में लपेटा गया और तिरंगे में सम्मानपूर्वक ढककर पौधशाला चील्ह परिसर ले जाया गया। वहां गड्ढा खोदकर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय पक्षी को दफना दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा