ठा. बांकेबिहारी मंदिर सहित वृंदावन के देवालयों में धूमधाम से मनाया गया नंदोत्सव, लुटाए गए खिलौने व प्रसाद
मथुरा, 05 सितम्बर(हि.स.)। वृंदावन नगर में यशोदानंदन भगवान श्रीकृष्ण के धरा पर अवतरण की खुशी में प्रसिद्ध ठा. बांकेबिहारी मंदिर सहित वृंदावन के विभिन्न देवालयों में नंदाेत्सव की जबरदस्त धूम रही। लल्ला के जन्मोत्सव के उल्लास में पूरा मंदिर परिसर बधाई गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए।
शनिवार काे नंदोत्सव के पावन अवसर पर सेवायतों ने मंदिर प्रांगण से श्रद्धालुओं पर टॉफी, चॉकलेट, फल और खिलौनों की बरसात की। उपहार व प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं के बीच जबरदस्त होड़ देखने को मिली। इसके बाद परंपरा के अनुसार सेवायतों ने हल्दी और केसर मिश्रित दही लुटाया, जिसका प्रसाद लेने के लिए हर कोई लालायित दिखा। भक्तों ने इसे ठाकुर जी का बाल-स्वरूप प्रसाद मानकर बड़े ही भाव से ग्रहण किया।
ठा. बांकेबिहारी मंदिर के अलावा वृंदावन के ऐतिहासिक प्राचीन राधा दामोदर मंदिर में भी नंदोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्यता से किया गया। यहां भी भक्तों ने बधाई गीत गाकर और भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर भगवान के बाल स्वरूप के आगमन की खुशियां मनाईं। दिनभर चले इन धार्मिक आयोजनों से संपूर्ण धर्मनगरी भक्तिमय वातावरण से सराबोर रही।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

