सेवा, सुशासन और विकास के 12 वर्ष, प्रभारी मंत्री नंदी ने रखी उपलब्धियों की तस्वीर
मीरजापुर, 14 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को जिला पंचायत सभागार में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विश्वास, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गईं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन, पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है। साथ ही जनपद में कराए गए विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की।
संवाद कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल प्रभारी सरोज कुशवाहा, जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह ‘विनीत सिंह’, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

