वाराणसी में चार से सात फरवरी 2027 में होगा बनारस लिट फेस्ट पांच, अभिनेता नाना पाटेकर होगें शामिल
वाराणसी, 05 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी में सिगरा स्थित एक होटल में सोमवार को बनारस लिट फेस्ट 5 के आयोजन को लेकर आयोजकों ने पत्रकार वार्ता कर विस्तार से जानकारी दी। बनारस लिट फेस्ट 5 आयोजन के अध्यक्ष दीपक मधोक, सचिव बृजेश सिंह सहित आयोजकों ने बताया कि 04 से 07 फरवरी 2027 को वाराणसी के ताज गंगेज होटल में भारत का सबसे बड़ा फेस्ट होने जा रहा है। बनारस लिट फेस्ट के क्रम में यह पांचवां फेस्ट है। इस बार साहित्यिक महाकुंभ के नाम से यह जाना जाएगा। यह बनारस लिट फेस्ट 5 रहेगा।
बनारस लिट फेस्ट पांच के कोषाध्यक्ष धवल प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि चार दिवसीय महोत्सव साहित्य, अनुवाद, कला, संस्कृति और समकालीन विचारों का महाकुंभ रहेगा। फेस्ट में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय साहित्य के प्रमुख आवाजों के साथ विचारक, शिक्षाविद, कलाकार, सार्वजनिक जीवन की हस्तियां, उद्योग जगत, खेल जगत के प्रतिनिधि शामिल होगें। इसके साथ सिनेमा जगत की प्रमुख हस्तियां भी बनारस लिट फेस्ट पांच में शामिल होने वाली है। जिसमें नाना पाटेकर जो जाने-माने अभिनेता है, प्रमुख रूप से शामिल होने वाले हैं।
आयोजकों में संरक्षक की भूमिका में अशोक कपूर ने कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजीत चतुर्वेदी भी इस आयोजन के मुख्य भूमिका में रहने वाले हैं। पूरे आयोजन में विभिन्न विश्वविद्यालय एवं शैक्षणिक संस्थान शामिल होंगे। जिसमें काशी हिंदू विश्वविद्यालय भी मुख्य रूप से शामिल रहेगा। इस बार आयोजन में बीएलएफ बुक अवार्ड 2027 के अंतर्गत आठ प्रमुख श्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे। जिसके नामों का चयन हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

