home page

स्पेस टेक्नोलॉजी को प्राइवेट कंपनियों के लिए खोल दिया गया : डॉ जितेन्द्र सिंह

 | 
स्पेस टेक्नोलॉजी को प्राइवेट कंपनियों के लिए खोल दिया गया : डॉ जितेन्द्र सिंह


नमो बुक फेस्ट में विकसित भारत 2027 विषय पर युवाओं और वैज्ञानिकों में संवाद,केन्द्रीय मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह भी हुए शामिल

वाराणसी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आयोजित दो दिवसीय 'नमो बुक फेस्ट' के अन्तिम दिन गुरूवार को विकसित भारत 2027 विषय पर युवाओं और वैज्ञानिकों के बीच संवाद हुआ। सिगरा स्थित रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में जुटे युवाओं ने जमकर सवाल पूछे। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह भी शामिल हुए। समापन समारोह में केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि केन्द्र सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता टेक्नोलॉजी को दी है। स्पेस टेक्नोलॉजी को प्राइवेट कंपनियों के लिए खोल दिया गया है, जिससे स्पेस इकोनॉमिक्स की पहले से बेहतर तरक्की हुई है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का नागरिक भी रोजगार के लिए विदेशों में अपना परिचय भारतीय के रूप में देता है। एक छात्र द्वारा एआई से सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एआई का इस्तेमाल जरूरी है और एआई को भी जवाब दिया जाएगा। उन्होंने छात्रों से सरकारी वेबसाइटों के लिए सुझाव भी मांगे।

कार्यक्रम में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू)के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने गंगा ट्रीटमेंट प्लांट पर चर्चा करते हुए बताया कि नमामि गंगे मिशन के तहत नई टेक्नोलॉजी से गंगा स्वच्छता पर तेजी से काम हो रहा है, जिसमें युवाओं और वैज्ञानिकों की भूमिका अहम है। समापन कार्यक्रम में लेखक अमीश त्रिपाठी और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने काशी, गंगा और लेखन पर विशेष चर्चा की। इस दौरान काशी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री 'काशी बियॉन्ड द घाट' दिखाई गई, जिसमें काशी की संस्कृति और गंगा के महत्व को दर्शाया गया। युवाओं से संवाद के दौरान वैज्ञानिक भी मौजूद रहे। छात्रों ने एआई से जुड़े सवाल पूछे।

अन्य वक्ताओं में आरजे रौनक ने कहा कि जेन-जी कर्म करो, सुजैन ने कहा कि लोकल बनो फिर वोकल बनो, युवराज पोखरना ने बताया कि देश में 300 से 3 लाख स्टार्टअप हो गए हैं, अंशु गुप्ता ने कहा कि भारत नॉन-अलाइन से ऑल-अलाइन बना है। बताते चले इस फेस्ट का आयोजन काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च काशी ने किया। फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई 500 से अधिक पुस्तकें विभिन्न भाषाओं में, विभिन्न लेखकों की रखी गई थी। ये पुस्तकें मोदी सरकार की कार्य पद्धति और नीतियों का ब्लू प्रिंट हैं। आयोजक संस्था के पदाधिकारी व वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम कई विश्व कीर्तिमान हैं। एक अनूठा कीर्तिमान यह भी है कि प्रधानमंत्री मोदी समकालीन वैश्विक नेताओं में ऐसे नेता हैं जिनके व्यक्तित्व, जीवन और नीतियों पर सबसे ज्यादा पुस्तकें लिखी गई हैं। फेस्ट के उद्घाटन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जापान के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे और उनके साथ आया प्रतिनिधि मंडल भी शामिल हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी