home page

मुलायम सिंह यादव और मायावती को मुख्यमंत्री बनाने के पीछे भाजपा ही रही : ओमप्रकाश राजभर

 | 
मुलायम सिंह यादव और मायावती को मुख्यमंत्री बनाने के पीछे भाजपा ही रही : ओमप्रकाश राजभर


वाराणसी, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तो नेता बनाने का कार्य करती है। मुलायम सिंह यादव पहली बार भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से ही मुख्यमंत्री बने थे। इसी तरह मायावती भी पहली बार मुख्यमंत्री बनीं तो भाजपा ने ही समर्थन दिया था। मुलायम सिंह यादव और मायावती को मुख्यमंत्री बनाने के पीछे भाजपा ही रही है। यह बात उत्तर प्रदेश के पंचायती राज और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कही। वे वाराणसी सर्किट हाऊस में गुरुवार काे पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्हाेंने कहा कि वर्तमान में ओमप्रकाश राजभर भी मंत्री हैं तो यह भाजपा की ही देन है। मेरी तरह डॉक्टर संजय निषाद भी भाजपा के दम से ही मंत्री बने हैं। अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल केंद्र में मंत्री बनी हैं, यह भी भाजपा की ही देन है।

जेपीएनआईसी के मुद्दे पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह बिल्डिंग अखिलेश यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट था, लेकिन उसे जनता के हित में एक कंपनी को दिया गया। वह बिल्डिंग अखिलेश यादव की कोई व्यक्तिगत बिल्डिंग नहीं थी। जिस तरह उन्होंने आगरा एक्सप्रेसवे बनवाया था और उस पर सभी लोग चलते हैं। आगरा एक्सप्रेसवे कोई उनकी व्यक्तिगत सड़क तो नहीं है। आज योगी सरकार ने कई एक्सप्रेस वे बनवाए हैं तो क्या केवल भाजपा के लोग ही उस पर चल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद