home page

सांसद अरुण सिंह ने किया जन प्रतीक्षालय का निरीक्षण, अस्पताल मार्ग की समस्या दूर करने का दिया आश्वासन

 | 
सांसद अरुण सिंह ने किया जन प्रतीक्षालय का निरीक्षण, अस्पताल मार्ग की समस्या दूर करने का दिया आश्वासन


मीरजापुर, 18 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने गुरुवार शाम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचकर सांसद निधि से निर्मित जन प्रतीक्षालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए प्रतीक्षा करने की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा यह समस्या राज्यसभा सांसद अरुण सिंह के संज्ञान में लाई गई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी सांसद निधि से 40 लाख रुपये की लागत से जन प्रतीक्षालय भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई थी। यह भवन लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो चुका है।

अपने पैतृक गांव बैधा जाते समय सांसद अरुण सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जन प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया और इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अस्पताल के मुख्य गेट से भवन तक जाने वाली सड़क पर बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से उन्हें अवगत कराया। लोगों ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क पर पानी जमा होने से मरीजों और तीमारदारों को आवागमन में काफी कठिनाई होती है।

समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद अरुण सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और अस्पताल मार्ग पर नाली निर्माण तथा सड़क के सुधार का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, सांसद प्रतिनिधि धनेंद्र पांडेय, अपना दल जिला सचिव विकास सोनकर, समाजसेवी सुधीर सिंह, शिवबाबू सेठ, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार, मनीराम कोल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा