home page

ड्रमंडगंज घाटी में दरकी पहाड़ की ढलान, हाईवे पर मंडराया सड़क धंसने का खतरा

 | 
ड्रमंडगंज घाटी में दरकी पहाड़ की ढलान, हाईवे पर मंडराया सड़क धंसने का खतरा


- 30 मीटर लंबी दरार से बढ़ी चिंता, जगह-जगह गिरे पत्थर और मलबा; एनएचएआई ने संभाला मोर्चा

मीरजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश ने ड्रमंडगंज घाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार रात से बुधवार दोपहर तक हुई तेज बारिश के बाद पहाड़ की ढलानों से पत्थर, चट्टान और मिट्टी का मलबा कई स्थानों पर हाईवे पर आ गिरा। इससे वाहन चालकों में दहशत का माहौल बन गया। सबसे चिंताजनक स्थिति मध्य प्रदेश की ओर जाने वाली लेन में सामने आई, जहां सड़क पर करीब 30 मीटर लंबी दरार पड़ने के साथ हल्का धंसाव भी हुआ है।

बड़का मोड़ घुमान से करीब सौ मीटर आगे बनी दरार ने हाईवे की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बारिश का सिलसिला जारी रहने पर सड़क के और धंसने की आशंका जताई जा रही है। इससे इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ गया है।

इधर, बुधवार दोपहर चुनहवा मोड़ के पास पहाड़ से चट्टानों के साथ करंज का पेड़ हाईवे पर गिर गया। सूचना मिलते ही एनएचएआई और कार्यदायी संस्था डीबीएल कंस्ट्रक्शन की टीम बैकहो लोडर लेकर मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया। घाटी में कई अन्य स्थानों पर भी छोटे-बड़े पत्थर गिरने का सिलसिला चलता रहा।

लगातार बारिश के कारण घाटी में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। वाहन चालक भी पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए सावधानी से गुजर रहे हैं।

एनएचएआई के सहायक अभियंता एके सिंह ने बताया कि बारिश के कारण जहां-जहां मलबा गिरा है, वहां टीम लगाकर उसे हटाया जा रहा है। देर शाम तक सड़क साफ करने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क में आई दरार को भी जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा