home page

मीरजापुर : अचानक सडक पर आयी गाय से टकराया बुलेट सवार, दोनों की मौत

 | 
मीरजापुर : अचानक सडक पर आयी गाय से टकराया बुलेट सवार, दोनों की मौत


मीरजापुर, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेशा के जनपद मीरजापुर में औराई-मीरजापुर मार्ग पर टेढ़वा चौकी क्षेत्र में सड़क पर आई गाय से बुलेट मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि गाय ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

सिटी कोतवाली क्षेत्र के बसनही बाजार निवासी राज पुत्र गणेश केसरवानी रविवार देर रात भदोही से बुलेट से मीरजापुर लौट रहे थे। रात करीब 12:45 बजे मुजहेरा खुर्द गौहानी स्थित डीसीएल पब्लिक स्कूल के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। बाइक की गाय से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में राज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर में गाय की भी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी टेढ़वा पुलिस चौकी को दी। चौकी प्रभारी अरविंद कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल मीरजापुर रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई गई कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस के काफी समझाने के बावजूद जब वे तैयार नहीं हुए तो पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टेढ़वा चौकी प्रभारी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि पब्लिक स्कूल के पास बुलेट सवार युवक के आवारा गाय से टकराने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में गाय की भी मौत हुई है। चील्ह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा