फर्रुखाबाद: प्रसव के दौरान अस्पताल में जच्चा बच्चा की मौत,परिजनों ने काटा हंगामा
फर्रुखाबाद, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र अंतर्गत एक अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा कर हंगामा करते हुए इटावा बरेली हाइवे पर जाम कर दिया।
थाना कादरीगेट के रहने वाले जितेंद्र उर्फ संजू जाटव ने अपनी पत्नी सविता (25)को प्रसव के लिए थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। बकौल संजू पहले डॉक्टरों ने साधारण डिलीवरी की बात कही, बाद में ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद जच्चा बच्चा दोनों की मौत हो गई।
पीड़ित संजू ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया, तो दोनों अस्पताल प्रबंधन और उसके परिजनों के बीच जमकर मारपीट हुई।
इसके बाद मृतका के परिजन राजेन्द्र जाटव, अरुण जाटव समेत सैकड़ों लोगों के साथ इटावा बरेली हाइवे पर पहुंच गए। और जाम लगाकर यातायात रोक दिया।
संजू ने आरोप लगाया कि उससे पहले 8 हजार रुपये जमा कराए गए। फिर और पैसों की मांग की गई। पैसे न देने पर शव गायब कर दिया गया। हंगामा के बाद उसकी पत्नी का शव लोहिया अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

