home page

मुरादाबाद : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह घोटाले में अब एक ग्राम विकास अधिकारी पर कार्रवाई की तलवार लटकी

 | 
मुरादाबाद : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह घोटाले में अब एक ग्राम विकास अधिकारी पर कार्रवाई की तलवार लटकी


- बीडीओ प्रशांत कुमार और कार्यालय के प्रधान सहायक हरिशंकर सिंह हो चुके हैं निलंबित

मुरादाबाद, 13 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना घोटाला मामले में मुरादाबाद में दो लोगों के निलंबन के बाद अब एक ग्राम विकास अधिकारी पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। आरोपित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी ने इस मामले में पत्र जारी कर दिया है। सामूहिक विवाह के दौरान उपहार सामग्री के भुगतान में गड़बड़ी करने पर शासन ने समाज कल्याण मुख्यालय के उपनिदेशक सुधीर कुमार को जांच करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से मामले में लगातार कार्रवाई जारी है।

बीते वर्ष 25 दिसंबर को मुरादाबाद में 567 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया था। सभी जोड़ों को उपहार सामग्री भी दी गई थी। सामग्री सप्लाई के लिए एक फर्म को नामित किया गया था। फर्म की ओर से उपहार सामग्री की सप्लाई नहीं दी गई और भुगतान भी ले लिया गया इसको लेकर समाज कल्याण निदेशालय पूरे प्रकरण की जांच के आदेश उपनिदेशक समाज कल्याण सुधीर कुमार को दिए थे। मामले में जांच के बाद समाज कल्याण निदेशालय की ओर से जारी जांच रिपोर्ट के अनुसार फर्म की ओर से उपहार सामग्री की सप्लाई नहीं दी गई थी और भुगतान भी ले लिया गया था।

मामले में जांच अधिकारी ने अनियमितता पाए जाने पर पहले खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार को निलंबित कर दिया था । इसके बाद कार्यालय के प्रधान सहायक हरिशंकर सिंह को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया गया था। अब कुंदरकी क्षेत्र के एक ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

वहीं मुरादाबाद की प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुड़ी जैन का कहना है कि इससे से संबंधित कोई पत्र उन्हें अभी नहीं मिला है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल