राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक : डा रमापति राम त्रिपाठी
मुरादाबाद, 13 अगस्त (हि.स.)। देश के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर व जिला इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को तिरंगा यात्रा बुधबाजार से कंपनी बाग शहीद स्मारक तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद डा रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा रमापति राम त्रिपाठी ने आगे कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, त्याग और वीरता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से राष्ट्रध्वज का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सतपाल सिंह सैनी ने कहा कि राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के जज्बे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा देशभर में निकाली जा रही है। यह यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देती है।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, नगर विधायक रितेश गुप्ता विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, महापौर विनोद अग्रवाल, प्रांतीय परिषद सदस्य निमित जायसवाल, मीडिया प्रभारी अर्चित गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

