मुरादाबाद : हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
-सावन मास के द्वितीय सोमवार पर मंदिरों में जलाभिषेक के लगी लंबी कतारें
मुरादाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। सावन मास के द्वितीय सोमवार पर मुरादाबाद जनपद के प्रमुख सिद्ध पीठ मंदिरों पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों और शिव भक्तों की लंबी लाइनें सुबह तड़के से दोपहर तक लगी रहीं। बम-बम भोले और हर हर महादेव के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक करके पूजा अर्चना की। मंगलवार को सावन मास की शिवरात्रि (शिव तेरस) पर भी काफी संख्या में कांवड़ बड़े और कांवरिए जलाभिषेक कर अपना संकल्प पूरा करेंगे।
मुरादाबाद महानगर में किसरोल स्थित अति प्राचीन सिद्ध पीठ 84 घंटा मंदिर और नागफनी स्थित झारखंडी शिव मंदिर में आज सुबह तड़के चार बजे से शिव भक्तों व कांवडियों द्वारा जलाभिषेक प्रारंभ हो गया। दोपहर तक सैकड़ो कांवर बेड़ों के द्वारा मंदिर में जलाभिषेक किया गया। काफी संख्या में डाक कांवड भी चढ़ाई गई। भाई अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं के द्वारा शिव परिवार पर जलाभिषेक के साथ बेलपत्र, धतूरा, फल, फूल, अक्षत, रोली, चंदन, धूप घास, मिष्ठान इत्यादि पूजन सामग्री चढ़ाकर पूजा अर्चना की गई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

