मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में दो स्थानों पर तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत
-पानूवाला की मंडैया में तेंदुए ने एक कुत्ते को बनाया शिकार
मुरादाबाद, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र में बुधवार को दो स्थानों पर तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में खलबली मच गई। क्षेत्र में मंगलवार को भी तीन स्थानों पर तेंदुए दिखाई दिया था। ग्रामीणों के अनुसार मलकपुर सेमली में तेंदुआ घर के सामने आम के पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। पानूवाला की मंडैया में घुसे तेंदुए ने एक कुत्ते को अपना शिकार बना लिया।
वन विभाग के अफसर विनय पांडे ने बताया कि मलकपुर सेमली और पानूवाला की मंडैया की घटना की जानकारी आज दोपहर मिल गई थी। दोनों स्थानों पर टीम भ्रमण कर रही है। गुरुवार को यहां पर भी पिंजरा लगा दिया जाएगा। पहली घटना ठाकुरद्वारा के मलकपुर सेमली में हुई। यहां राजू सिंह चौहान के घर के सामने एक तेंदुआ आम के पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। अचानक घर के पास तेंदुए को देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने शोर मचाया तो तेंदुआ पेड़ से उतरकर वहां से भाग गया।
दूसरी घटना ठाकुरद्वारा के पानूवाला की मढैया में हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, यहां घुसे तेंदुए ने एक कुत्ते को उठा लिया और लेकर चला गया। एक ही दिन में दो स्थानों पर तेंदुआ दिखाई देने की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

